Washington State

Office of the Attorney General

Attorney General

Nick Brown

अगस्त 12, 2025

SEATTLE —वॉशिंगटन राज्य ने पूरे राज्य के तीन काउंटियों में नफरती हिंसा और भेदभाव की घटनाओं के लिए एक हॉटलाइन पायलट कार्यक्रम शुरू किया है। Federal Bureau of Investigation (FBI, संघीय अन्वेषण ब्यूरो) के आँकड़ों के अनुसार, 2018 से नफरती अपराधों के शिकायत के मामले में वॉशिंगटन शीर्ष पाँच राज्यों में से एक रहा है। यह गैर-आपातकालीन हॉटलाइन Clark, King और Spokane काउंटियों के लोगों को नफरती हिंसा या भेदभाव की घटनाओं की शिकायत करने का एक वैकल्पिक पद्धति प्रदान करती है।

नफरती हिंसा और भेदभाव की घटनाएं लोगों, परिवारों और समुदायों पर भयानक और लंबे समय तक रहने वाला प्रभाव डालती हैं, जिससे लोग अपने ही निवास स्थान पर असुरक्षित या अवांछित महसूस करने लगते हैं। हॉटलाइन के कर्मचारी कॉल करने वाले लोगों को स्थानीय, सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील, पीड़ित हितैषी और ट्रॉमा की जानकारी रखने वाली सहायता सेवाएं प्राप्त करने में सहायता करेंगे। साथ ही, कॉल करने वाले की अनुमति होने पर, वे स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को घटना की सूचना देने में भी सहायता कर सकते हैं।

यह हॉटलाइन 1-855-225-1010 पर उपलब्ध है। जो भी व्यक्ति इन तीन पायलट काउंटियों में नफरती हिंसा या भेदभाव की घटना की शिकायत करना चाहते हैं, वे atg.wa.gov/report-hate पर भी जा सकते हैं।

Legislature (विधानमंडल) ने इस हॉटलाइन की स्थापना 2024 में तब की, जब उसने सर्वदलीय समर्थन के साथ Senate Bill (सीनेट बिल) 5427(अंग्रेजी में) को पारित किया। इस विधेयक के तहत Attorney General’s Office (महाधिवक्ता का कार्यालय) द्वारा तीन काउंटियों में हॉटलाइन का पायलट कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता थी, जिसमें पूर्वी वाशिंगटन की एक काउंटी भी शामिल थी। इन तीन काउंटियों का चयन 2023 की Washington Association of Sheriffs and Police Chiefs’ की Annual Crime Report (वार्षिक अपराध प्रतिवेदन) में उपलब्ध नफरती हिंसाओं के आंकड़ों और काउंटियों की जनसांख्यिकी के आधार पर किया गया था।

यह पायलट कार्यक्रम डेढ़ साल तक सक्रिय रहेगा, जिसके बाद जनवरी 2027 तक यह हॉटलाइन पूरे राज्य में शुरू की जाएगी। नफरती हिंसा और भेदभाव की घटनाओं की शिकायत अक्सर कम की जाती हैं और इनके प्रसार से जुड़ा डेटा भी सीमित है। 1 जुलाई 2027 से, Attorney General’s Office नफरती हिंसा और भेदभाव की घटनाओं से संबंधित हॉटलाइन रिपोर्टों से एकत्र किए गए डेटा पर आधारित एक वार्षिकप्रतिवेदन तैयार करेगा, जिसे राज्यपाल, राज्य के Legislature और जनता के साथ साझा किया जाएगा।

अटॉर्नी जनरल Nick Brown ने कहा था, "नफरती हिंसा न केवल लोगों को प्रत्यक्ष रूप से नुकसान पहुँचाती है, बल्कि पूरे समुदाय में असुरक्षा और भय की भावना भी उत्पन्न कर सकती है।" "इन तीन काउंटियों में मिलने वाली सफलता हमें इस हॉटलाइन को पूरे वॉशिंगटन राज्य में लागू करने में सहायता करेगी और यह समझने में भी सहायता करेगी कि नफरती हिंसा और भेदभाव की घटनाओं से बेहतर ढंग से कैसे निपटा जा सकता है।"

सलाहकार समूह के सदस्यों और स्थानीय अधिकारियों ने हॉटलाइन के पायलट कार्यक्रम के शुभारंभ पर निम्नलिखित वक्तव्य दिए:

इस हॉटलाइन को शुरू करने का विधेयक प्रस्तुत करने वाले सीनेटर Javier Valdez, D-Seattle ने कहा था "हमने 2019 में अपने नफरती हिंसा संबंधी कानूनों में बदलाव करके एक महत्वपूर्ण कदम उठाया था - लेकिन नफरत और भेदभाव की घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी दिखाती है कि अभी और बहुत कुछ किया जाना बाकी है।" “इसलिए यह हॉटलाइन मायने रखती है। यह मुद्दा केवल नीतियों का नहीं है, बल्कि इंसानों की परवाह का है। इसका मकसद यह है कि हर पीड़ित की आवाज सुनी जाए और उसका साथ दिया जाए।"

"King काउंटी काउंसिल के अध्यक्ष Girmay Zahilay ने कहा, 'ऐसे समय में जब एक शत्रुतापूर्ण संघीय प्रशासन कमजोर समुदायों के खिलाफ कट्टरता को बढ़ावा दे रहा है, King काउंटी के कई लोग भय और अनिश्चितता में जी रहे हैं। "मैं इस पहल में Attorney General’s Office के साथ जुड़कर गर्व महसूस करता हूँ और उन समुदाय नेताओं का आभारी हूँ जिन्होंने इस प्रारम्भ में योगदान दिया है। हम सब मिलकर नफरत का डटकर मुकाबला करते रहेंगे।"

"Spokane की मेयर Lisa Brown ने कहा, 'Spokane Hate Crimes & Bias Incidents Hotline (नफरत और भेदभाव से जुड़ी घटनाओं की हॉटलाइन) के शुभारंभ का स्वागत करता है और तीन प्रारंभिक परीक्षण स्थलों में से एक होने पर गर्व महसूस करता है। "हमारा Office of Civil Rights, Equity, and Inclusion (नागरिक अधिकार, समानता और समावेशन कार्यालय) इसके विकास के दौरान अटॉर्नी जनरल की टीम के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा रहा है। हम इसे प्रतिवेदन में सुधार और हमारे समुदाय में जवाबदेही सुनिश्चित करने के एक महत्त्वपूर्ण साधन के रूप में देखते हैं।"

Spokane काउंटी की कमिश्नर Amber Waldref ने कहा, "मुझे गर्व है कि Spokane काउंटी के Hate Crimes Hotline कार्यक्रम का संचालन करके अग्रणी भूमिका निभा रहा है।" "मुझे आशा है कि यह साधन हमारे समुदाय में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निवासियों को संभावित नफरती हिंसाओं की शिकायत करने का एक नया अवसर प्रदान करेगा।"

Clark काउंटी के शेरिफ John Horch ने कहा, "यह हॉटलाइन यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है कि लोग नफरती हिंसाओं की शिकायत करते समय स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।" "हम चाहते हैं कि हमारे समुदाय में हर कोई यह जाने कि उनकी आवाज मायने रखती है और उन्हें सहायता मिल सकती है।"

HAPPEN Business Resource Group के सह-अध्यक्ष Thanh Tran ने कहा, "एशियाई, हवाई द्वीप के मूल निवासी और पेसिफ़िक द्वीप वासियों ने सैकड़ों वर्षों से नफरती हिंसा और भेदभाव की घटनाओं का सामना किया है और महामारी के चरम समय में यह और भी बढ़ गया।" "ऐसी घटनाएँ आज भी रोज़ाना होती रहती हैं, लेकिन मुख्यधारा की ख़बरों में उनका बहुत कम या बिल्कुल भी उल्लेख नहीं होता।" "मुझे आशा है कि यह हॉटलाइन पीड़ितों को ऐसी घटनाओं की शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित करेगी, ताकि हम समुदाय को सशक्त बना सकें और न्याय व सुधार की दिशा में आगे बढ़ सकें।"

Washington Immigrant Solidarity Network की कार्यकारी निदेशक, Catalina Velasquez ने कहा, "यह हॉटलाइन बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह उस सच्चाई को स्वीकार करती है जो हमारे समुदाय हमेशा से जानते आए हैं: कि नफरत केवल शरीर या संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाली संकीर्ण कानूनी परिभाषाओं तक ही सीमित नहीं होती।" "जब मेरे नेटवर्क में शामिल अप्रवासी परिवारों को इस तरह के मौखिक दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है जिससे वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डरने लगते हैं, जब अश्वेत ट्रांसजेंडर लोगों को रोज़-रोज़ के छोटे-छोटे अपमान सहने पड़ते हैं जो उनकी मानवता को चुनौती देते हैं, जब हमारे बुज़ुर्गों से कहा जाता है कि 'जहाँ से आए हो, वहीं लौट जाओ' — तो ये सब हिंसा के ऐसे रूप हैं जो हमारे जीवन की वास्तविक परिस्थितियों और दुनिया में सुरक्षित रहने की हमारी क्षमता को प्रभावित करते हैं।" "यह हॉटलाइन ऐसे अनुभवों को दर्ज करने, उन पर विश्वास जताने और सांस्कृतिक रूप से उपयुक्त, ट्रॉमा की जानकारी रखने वाली देखभाल के साथ प्रतिक्रिया देने के लिए एक मंच प्रदान करती है।"

Human Rights Spokane के बोर्ड सदस्य Hershel Zellman ने कहा, "मुझे आशा है कि यह हॉटलाइन नफरत के शिकार लोगों को यह महसूस कराएगी कि उन्हें अपने स्थानीय समुदायों में समर्थन प्राप्त है।" "मुझे यह भी आशा है कि इस हॉटलाइन के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़ों का उपयोग शैक्षिक कार्यक्रमों और कानून प्रवर्तन रणनीतियों को विकसित करने में किया जाएगा, ताकि पहले ही चरण में नफरत की घटनाओं को रोका जा सके।"

वॉशिंगटन राज्य में Council on American-Islamic Relations की   वकील Sabrene Odeh ने कहा, "हमें आशा है कि यह हॉटलाइन सांस्कृतिक रूप से सक्षम सहायता प्रदान करेगी, मुस्लिम समुदाय के साथ विश्वास का निर्माण करेगी और अधिक से अधिक लोगों को घटनाओं की शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।" "हमें आशा है कि यह इस्लामोफोबिया को बेहतर ढंग से समझने में सहायता करेगी, भविष्य के समुदाय-केन्द्रित कार्यक्रमों और पहलों की सटीकता को बेहतर बनाएगी और हमारे समुदाय के सदस्यों की आवश्यकताओं से मेल खाता हुआ समर्थन प्रदान करेगी।" "इस हॉटलाइन के विकास और कार्यान्वयन में मुस्लिम समुदाय का सहभाग इस संदेश को मजबूती प्रदान करता है कि मुस्लिमों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है और उसका सम्मान किया जाता है।"

Washington West African Center के कार्यक्रम निदेशक Momodou Jobe ने कहा, "हमारा संगठन उस समुदाय का विश्वसनीय संदेशवाहक है जिसकी हम सेवा करते हैं।" "हमारी आवाज़ हमारे समुदाय से आती है और हॉटलाइन के विकास में हमारे सहभाग ने हमारे समुदाय की आवाज़ को निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनाया।"

Pacific Northwest में Anti-Defamation League की क्षेत्रीय निदेशक Miri Cypers ने कहा, "यहूदी समुदाय में बहुत से लोग बढ़ते यहूदी-विरोधी प्रभावों से जूझ रहे हैं और उन्हें अधिक संसाधनों और सेवाओं की आवश्यकता है।" "K-12 स्कूलों में भेदभाव की घटनाओं से जूझ रहे हमारे सबसे छोटे बच्चों से लेकर खतरों का सामना कर रहे सामुदायिक संस्थानों तक को यह हॉटलाइन सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील सहायता प्रदान करेगी।"

Khalsa Gurmat Center के कार्यकारी निदेशक Jasmit Singh ने कहा, "सिख समुदाय सभी के लिए न्याय और समानता के पक्ष में मजबूती से खड़ा है।" "हम इस हॉटलाइन की स्थापना की सराहना करते हैं, क्योंकि यह भेदभाव या नफरत का अनुभव करने वालों के लिए अपनी आवाज़ उठाने और घटनाओं की शिकायत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।" "यह हॉटलाइन समुदायों को सशक्त बनाती है और इस संदेश को पुख्ता करती है कि नफरत का वॉशिंगटन राज्य में कोई स्थान नहीं है।" 

वॉशिंगटन में नफरती अपराधों और भेदभाव से जुडी घटनाओं के हॉटलाइन के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए, कृपया atg.wa.gov/report-hate पर जाएं।

परिभाषाएं

वॉशिंगटन कानून के अनुसार, नफ़रती हिंसा उसे कहा जाता है जब किसी व्यक्ति पर हमला किया जाए, उसकी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया जाए, या उसे शारीरिक चोट या संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की धमकी दी जाए — और ये सब केवल इसलिए कि उसके बारे में यह माना जाता है कि वह किसी विशेष जाति, रंग, धर्म, वंश, राष्ट्रीयता, लिंग, यौन अभिविन्यास, लैंगिक अभिव्यक्ति या मानसिक, शारीरिक या संवेदी दिव्यांगता से जुड़ा है।

भेदभाव से जुड़ी घटनाएं ऐसे भेदभावपूर्ण कृत्य होते हैं जो आपराधिक स्वरूप के नहीं होते और जिनमें न तो कोई हिंसा होती है, न धमकी दी जाती है, और न ही किसी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया जाता है। हालाँकि भेदभाव से जुड़ी घटनाओं पर आपराधिक मामला नहीं चलाया जा सकता, फिर भी इनकी शिकायत करना बहुत ज़रूरी होता है।

-30-

 

वॉशिंगटन के अटॉर्नी जनरल वॉशिंगटन के लोगों और राज्य की सेवा करते हैं। राज्य की सबसे बड़ी कानूनी संस्था के रूप में, Attorney General’s Office वॉशिंगटन की हर राज्य एजेंसी, बोर्ड, और आयोग को कानूनी प्रतिनिधित्व उपलब्ध कराता है। इसके अलावा, कार्यालय उपभोक्ता संरक्षण, नागरिक अधिकार, और पर्यावरण संरक्षण कानूनों को लागू करके सीधे लोगों की सेवा करता है। कार्यालय, बुजुर्गों के साथ दुराचार, Medicaid धोखाधड़ी पर भी मुकदमा चलाता है और वॉशिंगटन की 39 काउंटियों में से 38 में यौन हिंसक अपराधियों के मामलों को संभालता है। ज़्यादा जानने के लिए www.atg.wa.gov पर जाएं।

मीडिया संपर्क जानकारी:

ईमेल: press@atg.wa.gov

दूरभाष: (360) 753-2727

सामान्य संपर्क: यहां क्लिक करें(अंग्रेजी में)

मीडिया संसाधन मार्गदर्शिका और Attorney General’s Office के अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)